संवाददाता: जगमोहन सिंह
समाचार पत्र: विधिपक्ष डेली न्यूज पत्रिका
स्थान: श्रेष्ठ विहार, दिल्ली
नई दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार स्थित विवेकानंद स्कूल (श्रेष्ठ विहार) में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (ईस्टर्न रेंज) द्वारा एक विशेष संवाद कार्यक्रम एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्थानीय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और मर्चेंट वेलफेयर एसोसिएशन (MWA) के प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर शिरकत की और क्षेत्र की ट्रैफिक तथा सड़कों से जुड़ी समस्याओं को पुलिस प्रशासन के समक्ष रखा।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में ट्रैफिक पुलिस और जिला पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे:
-
विजेता आर्या (अतिरिक्त पुलिस आयुक्त – एडिशनल CP, जोन-1 ट्रैफिक)
-
श्वेता चौहान (पुलिस उपायुक्त – DCP, ईस्टर्न रेंज ट्रैफिक)
-
राजीव रावल (पुलिस उपायुक्त – DCP, ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट)
-
रविदत्त शर्मा (ACP, नॉर्थ-ईस्ट ट्रैफिक)
-
राजेश कुमार (ACP, शाहदरा ट्रैफिक)
-
अमरीक राज विरदी (ACP, ईस्ट ट्रैफिक)
इसके अलावा ईस्टर्न रेंज के सभी 8 सर्किलों के ट्रैफिक इंस्पेक्टरों (TI) ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
जनता की समस्याओं को सुना और समाधान का आश्वासन दिया
कार्यक्रम के दौरान RWA और MWA के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की ट्रैफिक व्यवस्था, जाम और सड़कों की स्थिति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
ट्रैफिक पुलिस की DCP श्वेता चौहान और एडिशनल CP विजेता आर्या ने नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और ट्रैफिक पुलिस की ओर से हर संभव सहायता व त्वरित समाधान का पूर्ण आश्वासन दिया।
नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से किया जागरूक
सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम में एक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से लोगों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
साथ ही, छोटे बच्चों द्वारा एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित और प्रोत्साहित किया गया।




